Sunday 17 May 2015

भोलेनाथ , हनुमानजी और कुबेर देव की मूर्ति कहां लगानी चाहिए?

भोलेनाथ या महादेव, जिनका ना आदि है और ना ही अंत। ऐसा माना जाता है कि इस संपूर्ण सृष्टि के निर्माण से पहले सिर्फ शिवजी ही थे और प्रलय के बाद भी शिवजी रहेंगे। शास्त्रों के अनुसार तीन देव सर्वश्रेष्ठ माने गए हैं ब्रह्मा, विष्णु और महेश। महेश अर्थात् शिवजी सभी मनोकामनाओं को सिद्ध करने वाले और सभी सुख-संपत्ति देने वाले देव हैं।
वास्तु शास्त्र के अनुसार देवी-देवताओं के चित्र घर में लगाने से कई शुभ प्रभाव प्राप्त होते हैं। घर का वातावरण शुद्ध और पवित्र बना रहता है। घर के सदस्यों के विचार भी अच्छे बने रहते हैं। किसी भी सदस्य का मन इधर-उधर नहीं भटकता और तनाव समाप्त हो जाता है। भगवान का फोटो आंखों को सुकून देने वाला होता है साथ ही घर में आने वाले मेहमानों को भी अच्छा अनुभव होता है।
शिवजी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करने वाले देवता हैं, इनके नित्य दर्शन से हमारे सभी पाप नष्ट होते हैं और पुण्य में बढ़ोतरी होती है। जिसके प्रभाव से हमें सभी सुख-समृद्धि की वस्तुओं की भी प्राप्ति होती है। इनका फोटो घर में ऐसी जगह लगाना चाहिए जहां से हम महादेव के दर्शन आसानी से कर सके। भोलेनाथ का फोटो घर में उत्तर दिशा की ओर किसी साफ और स्वच्छ दीवार पर लगाना चाहिए। उत्तर दिशा शिवजी की प्रिय दिशा मानी गई है। उत्तर दिशा में ही कैलाश पर्वत है और इसे महादेव का निवास स्थान बताया जाता है। इसी वजह से उत्तर दिशा में ही शिवजी का फोटो लगाने पर सर्वश्रेष्ठ परिणाम प्राप्त होते हैं।
माता सीता के आशीर्वाद के प्रभाव से अंजनी पुत्र हनुमानजी अमर है। ऐसा माना जाता है कि अशोक वाटिका में माता सीता ने हनुमानजी को अमरता का वरदान प्रदान किया था। कलयुग में हनुमानजी की आराधना तुरंत ही शुभ फल प्रदान करती है। इसी वजह से आज इनके भक्तों की संख्या काफी अधिक है। अधिकांश भक्तों के घरों में बजरंगबली के फोटो अवश्य ही लगे रहते हैं। वास्तुशास्त्र के अनुसार घर में देवी-देवताओं के चित्रों को लगाने से सभी परेशानियां दूर होती हैं और घर में सुख-शांति बनी रहती है। घर का वातावरण सुकून देने वाला और पवित्र बना रहता है। बाहर से आने वाले लोगों पर भी इसका अच्छा प्रभाव पड़ता है। घर में सभी सदस्यों के बीच परस्पर प्रेम सदा बढ़ता रहता है। हनुमानजी के चित्र का महत्व ध्यान में रखते हुए वास्तु में कई नियम बताए गए हैं। वास्तु के अनुसार हनुमानजी की फोटो हमेशा दक्षिण दिशा की ओर देखती हुई लगानी चाहिए। इससे घर में सुख और समृद्धि बढ़ेगी। दक्षिण दिशा की ओर मुख करके हनुमानजी फोटो इसलिए अधिक शुभ है क्योंकि हनुमानजी ने अपना प्रभाव सर्वाधिक इसी दिशा में दिखाया है। इस दिशा में ही लंका भी है और सीता की खोज, लंका दहन और राम-रावण का युद्ध भी हुआ है। दक्षिण दिशा में हनुमानजी विशेष बलशाली हैं।
जीवन में धन, सुख और समृद्धि बढ़ाने के लिए धर्म शास्त्रों में कई उपाय बताए गए हैं। जिन्हें अपनाने से निश्चित ही शुभ फलों की प्राप्ति होती हैं। इन्हीं उपायों में से एक उपाय यह है कि घर में कुबेर देव की मूर्ति या फोटो अवश्य रखना चाहिए, क्योंकि इन्हें सुख-समृद्धि देने वाले देवता माना जाता है।
वैसे तो धन प्राप्ति के लिए देवी महालक्ष्मी की आराधना करनी चाहिए, लेकिन इनके साथ ही धन के देवता कुबेर को पूजन से पैसा से जुड़ी तमाम समस्याएं हमेशा दूर रहती हैं। कुबेर देव को देवताओं का कोषाध्यक्ष माना गया है। इसी वजह से इनकी मूर्ति या फोटो घर में लगाने पर धन से जुड़े कार्यों में सफलता प्राप्त होती है।
कुबेर देव की फोटो या मूर्ति घर में कहां रखें? इस संबंध विशेष सावधानी रखने की आवश्यकता है। कुबेर देव का निवास उत्तर दिशा की ओर माना गया है। अत: इनका फोटो घर में उत्तर दिशा की ओर ही लगाना श्रेष्ठ रहता है। साथ ही इस बात का ध्यान रखें कि जहां इनका चित्र लगाया जाए वह स्थान पवित्र हो। वहां किसी प्रकार का पुराना सामान या कबाड़ा न हो। उस जगह की साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

दोस्तों  आपको ये ब्लॉग कैसा लगता है। कमेंट बॉक्स में अपनी प्रतिक्रिया जरूर दीजियेगा। जिससे मुझे प्रोत्साहन मिलता रहे ।

No comments:

Post a Comment